रविवार, 4 अक्टूबर 2015

तर्पण की हर बूँद ....

पापा हथेली में जल लेकर
आपका ध्‍यान करती हूँ
तर्पण की हर बूँद का
मैं मान करती हूँ
कुछ बूँदे पलकों पे आकर
ठहर जाती हैं जब
तो आपका कहा
कानों में गूँजता है
बहादुर बच्‍चों की आँखों में
आँसू नहीं होते
उनकी आँखों में तो
बस चमक होती है
जीत की, उम्‍मीद की,
विश्‍वास की
एक हौसला होता है
उनके चेहरे पे
और मैं मुस्‍करा पड़ती थी!
...
पलकों पे ठहरी बूँदे
जाने-अंजाने
कितना कुछ कह गईं
आपका दिया मेरे पास
हौसला भी है
उम्‍मीद भी है और विश्‍वास भी
पर आपकी कमी
कौन पूरी कर सकता है
तो इस तर्पण की हथेली में
गंगा जल के साथ
छलका है जो अश्रु जल नयनों का
वो स्‍नेह है
आपकी अनमोल यादों का
जिसे मैने अपने सिर-माथे लिया है
और आपको अर्पित ही नहीं
समर्पित भी किया है अंजुरी का जल
बूँद-बूँद स्‍नेह मिश्रित
पूरी निष्‍ठा से इस पितृपक्ष में!!!

रविवार, 27 सितंबर 2015

प्रेम में ईश्‍वर !!!

प्रेम के रिश्‍ते
निभते जाते हैं
इन्‍हें निभाना नहीं पड़ता
कोई रहस्‍य
कोई पर्दा
नहीं ढक पाता है
इसके होने के
वज़ूद को !
...
ये जब होता है
तो पूरी क़ायनात
एक हो जाती है
इसकी तरफ़दारी में
सारी नफ़रतों को
पिघलना पड़ता है
प्रेम में
ईश्‍वर का साक्षात्‍कार
होना तय है !!
...
जो नहीं मानता प्रेम को
उससे तुम
घृणा मत करो
ये सोचो
जाने कौन सा
गुऩाह किया होगा इसने
जो रब़ ने
इसे ये नेम़त नहीं बख्‍़शी !!!

...



सोमवार, 14 सितंबर 2015

हर दिन इसका हो !!!!

भाषा हिन्‍द की
माँ बोली वो
लगे एक पहचान सी
इसका अपनापन
मन में उतरे
जैसे माँ की सहजता !
...
हिन्‍दी गर्व की
वो बिन्‍दी है
जिसके लग जाने से
मन मस्तिष्‍क को
मान के साथ
सम्‍मान भी देता है !!
...
आओ इसको
दिवस की विशेषताओं से परे
बसा लें ऐसे संकल्पित हो
पखवाड़ा ही नहीं
हर दिन इसका हो !!!!



गुरुवार, 30 जुलाई 2015

याद आया तो ज़रूर होगा !!

कभी प्रेम 
कभी रिश्ता कोई 
बन गया हमनवां जब 
तुमने जिंदगी को 
हँस के गले 
लगाया तो ज़रूर होगा !
...
मांगने पर भी
जो मिल न पाया
ऐसा कुछ छूटा हुआ
बिछड़ा हुआ
कभी न कभी
याद आया तो
ज़रूर होगा !!
...
कोई शब्द जब कभी
अपनेपन की स्याही लिए
तेरा नाम लिखता
हथेली पे
तुमने चुराकर नज़रें
वो नाम
पुकारा तो ज़रूर होगा!!!
...

शनिवार, 20 जून 2015

पापा की हथेलियों में ...


पापा की हथेलियों में
होते मेरे दोनो बाजू और मैं
होती हवा में
तो बिल्‍कुल तितली हो जाती
खिलखिलाकर कहती
पापा और ऊपर
हँसते पापा ये कहते हुये
मेरी बहादुर बेटी!
....

पापा की हथेलियों में
जब भी मेरी तर्जनी कैद होती
मुझे जीवन मेले से लगता
मैं खुद को पाती
वही घेरदार फ्रॉक के साथ
उनके लम्‍बे कदमों संग
दौड़ लगाती हुई!
....
पापा की हथेलियां
थपकी स्‍नेह की जब भी
कभी कदम डगमगाये
हौसले से उनके
आने वाला पल मुस्‍कराये!



ब्लॉग आर्काइव

मेरे बारे में

मेरी फ़ोटो
मन को छू लें वो शब्‍द अच्‍छे लगते हैं, उन शब्‍दों के भाव जोड़ देते हैं अंजान होने के बाद भी एक दूसरे को सदा के लिए .....