मंगलवार, 20 अगस्त 2013

पर्व स्‍नेह का !


















रिश्‍तों का मान,
विश्‍वास का पर्व ये
रक्षाबंधन !
.....
पर्व स्‍नेह का
आया जब भी भाया
रक्षाबंधन !
...
बहन बाँधे
संकल्‍पों का सूत्र ये
स्‍नेह पर्व पे !
....
स्‍नेह बँधन
बाँधता एक धागा
सारी उम्र ये !

बुधवार, 14 अगस्त 2013

तिरंगे को करके अर्पित सुमन !!!















तिरंगे की शान में जब भी, सुमन अर्पित करता हूँ,
देश तुझे ये दिल ही नहीं जां भी समर्पित करता हूँ ।

परम्‍पराओं के देश में तिरंगे को करके अर्पित सुमन,
वीरों की कुर्बानियों को आज ये दिन समर्पित करता हूँ ।

अभिनन्‍दन ही नहीं वंदन भी है उन वीरों की शहादत को,
आजादी के जश्‍न में आने वाला हर पल समर्पित करता हूँ ।

विश्‍वास के रास्‍तों पर जो सदा उम्‍मीदों की बस्तियाँ बसाते हैं,
ऐसे वीर से‍नानियों को जय हिन्‍द के बोल समर्पित करता हूँ ।

शुक्रवार, 2 अगस्त 2013

किसी याद का फिरकनी की तरह घूमना !!!!













एक दिन में ले आई लम्‍बी डोर
नापने लगी कद यादों का
वो झल्‍लाईं बावली हुई है
हमारा कद नापो मत
हमारी बढ़त रूक जाएगी
मैं मुस्‍कराई
ठहर कर सोचने लगी
यादों की बढ़त के बारे में
लगी जब फिसलने
वे रेत की तरह मेरी हथेली से
जाने क्‍यूँ मैं इन्‍हें थाम कर रख ना पाई
एक जगह बस घूमती रहीं
ये मेरे इर्द-गिर्द या फिर
मैं ही इनसे दूर जा ना पाई !!!
....
हर मन में यादों का एक गोलाम्‍बर होता है,
हर याद करती है जाने कितनी बार
परिक्रमा उसकी
जिसके इर्द-गिर्द हम
कितनी यादों को क्रम से खड़ा कर देते हैं
सब अपनी बारी आने तक
हमारी ओर ही तकती रहती हैं
किसी याद का फिरकनी की तरह घूमना
मन का बेचैन कर देता है !!!!
...

मंगलवार, 23 जुलाई 2013

कोई बोधतत्‍व था मन को पकड़े हुए !!!



















सच झूठ के पर्दों के नीचे से
अपना हाथ हिलाता है
जाने कितने चेहरे
मुस्‍करा देते हैं उस क्षण
त्‍याग तपस्‍या पर बैठा था
पलको को मूँदे
कोई बोधतत्‍व था मन को  पकड़े हुए
सोचो कैसे ठहरा होगा
यह शरारती मन
....
मन की कामनाओं को बखूबी जानती हूँ,
बस भागता ही रहता है
पल भर भी स्थिरता नहीं है
क्षणांश जब भी क्रोध से कुछ कहा
एक कोना पकड़
सारे जग से नाता तोड़
आंसुओं से चेहरे को धोता रहा
हिचकियों को बुला भेजा
देने को सदाएँ
इसको साधना इतना आसान नहीं
जब भी यह हाथ लगा है किसी के तो ...
....
युगांतकारी परिवर्तन
जब भी  होते हैं
सोच बदल जाती है
साथ ही बदल जाता है
जिन्‍दगी को देखने का नजरिया भी
विश्‍वास लौटकर आता है
उलटे पाँव जब
तब पैरों के छाले पीड़ा नहीं देते !!!

मंगलवार, 9 जुलाई 2013

निकलना होगा विजेता बनकर !!!!

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
मुश्किल भरे रास्‍तों से गुज़र कर
दिल और दिमाग के कुछ हिस्‍सों में
गज़ब की ताकत आ जाती है
जंग लगे ख्‍याल भी
बड़ी ही फुर्ती से
अपना नुकीला पन दर्शा देते हैं
चोट खाया हिस्‍सा
जख्‍मों के निशान पर
एक पपड़ी मोटी सी धैर्य की डाल
बेपरवाह हो जाता है !!
...
मनमाने सुखों के लक्षागृह
किसके हुए हैं
निकलना होगा विजेता बनकर
तब ही तो धुन के पक्‍के लोग
इस मजबूती में ही जीते हैं
वर्ना उनके पास जीने की कोई वजह
शेष रहती ही नहीं है
माँ कहती है कुछ बातें वक्‍़त पर छोड़ दो
तो मन को बड़ा सुकून मिलता है
ये सच है कि कर्तव्‍य की सीढि़याँ
बड़ी ही ऊँची और घुमावदार होती हैं
चढ़ते चलो तो मंजिल मिल ही जाती है !!
 

ब्लॉग आर्काइव

मेरे बारे में

मेरी फ़ोटो
मन को छू लें वो शब्‍द अच्‍छे लगते हैं, उन शब्‍दों के भाव जोड़ देते हैं अंजान होने के बाद भी एक दूसरे को सदा के लिए .....